दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। वहीं आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट मिलने पर त्राल में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार शोपियां जिले के हेफ शीरमाल इलाके में शनिवार को सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स, 178 बटालियन सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवानों ने ‘सर्च एंड डेस्ट्रोय ऑपरेशन’ (साडो) चलाया। इस दौरान जवानों ने सेब के बगीचों की भी तलाशी ली, जिसमें उन्हें एक आतंकी ठिकाना मिला, जिसे ध्वस्त किया गया। वहां से हथियारों के जखीरे समेत कुछ अन्य समान मिले। पुलिस के मुताबिक तलाशी में एक 9 एमएम का पिस्टल, एक पिस्टल मैगजीन, पिस्टल के 29 राउंड, एसएलआर के दो मैगजीन, एसएलआर के 67 राउंड, दो ग्रिनेड बरामद हुए। ग्रेनेड को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। इसके अलावा पाउच, डाटा केबल, चार्जर, कपड़े, कंबल और जूते भी बरामद हुए।
गौरतलब है कि इस बीच पुलवामा जिले के त्राल इलाके के आरिपल गांव में भी सुरक्षाबलों ने एक सांझा तलाशी अभियान चलाया गया। वहां भी उन्हें आतंकियों की गतिविधि की खबर मिली थी। हालांकि काफी देर तक चले ऑपरेशन में आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिला।