जम्मू शहर के नरवाल से छह महीने पहले पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों के खिलाफ पुलिस ने एनआईए कोर्ट में चालान पेश किया। ये आतंकी दिसंबर 2020 में जम्मू से कश्मीर हथियार ले जाते हुए पकड़े गए थे। इनमें कुलगाम का रहने वाले रईस अहमद डार, सब्जार अहमद और अनंतनाग का जाहुर अहमद राथर शामिल हैं।
विज्ञापन
पुलिस ने नरवाल के यार्ड नंबर-6 में कार (नंबर जेके18ए 9967) से इन्हें दबोचा था। इनके पास मौजूद बैग से एक एके-47 राइफल, एक पिस्टल और कारतूस मिले थे। पूछताछ में पता चला कि रईस अहमद डार कुलगाम से कार लेकर जम्मू आया था। उसे जाहुर अहमद ने टारगेट दिया था कि जम्मू से हथियार लेकर आने हैं।
जम्मू पहुंचने पर रईस की मुलाकात बस स्टैंड के मुस्लिम होटल पर सब्जार से हुई। रईस ने कहा कि उसे कश्मीर हथियार ले जाने पर काफी पैसा मिलेगा और यदि वह उसकी मदद करता है तो उसे आधे पैसे दे देगा। इस पर सब्जार मान गया और ये लोग हथियार लेने के लिए नरवाल चले गए।
विज्ञापन
यहां पर इन लोगों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हथियार दिए। इन लोगों को 24 दिसंबर, 2020 को कुलगाम के लिए निकलना था। लेकिन हाईवे बंद होने के कारण ये नहीं जा सके और नरवाल आकर रुक गए। 25 दिसंबर को पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर लिया।