जम्मू-कश्मीर के पुंछ के मेंढर के मनकोट व बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे जंगलों में आग लग गई है। जंगलों में लगी इस आग के नियंत्रण रेखा पर दुशमन की घुसपैठ रोकने के लिए बनाई गई माइन फील्ड तक फैल गई। इससे वहां बिछाई गई दर्जनों बारूदी सुरंगों में विस्फोट होने लगा।
इसके धमाके काफी दूर तक सुनाई दिए। इस बीच क्षेत्र में तैनात सेना ने शाम को आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। आग से बड़ी मात्रा में वन संपदा और जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर मनकोट सेक्टर से बालाकोट तक के कई किलोमीटर लंबे क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के उस पार पाकिस्तानी अधिकृत क्षेत्र से लगी आग ने नियंत्रण रेखा के इस पार के जंगलों को भी चपेट में ले लिया। जो दिन के आगे बढ़ने के साथ ही आगे बढ़ते हुए माइन फील्ड तक पहुंच गई।
इसके बाद माइन फील्ड में बिछाई गई बारूदी सुरंगों में विस्फोट होने लगा। इसकी आवाजें नियंत्रण रेखा के काफी दूर तक सुनाई देने लगीं। आग के आगे बढ़ने पर क्षेत्र में तैनात सेना ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक आग बुझाने के प्रयास जारी रहे।