जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
बता दें कि, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार (24 अगस्त) को जैश के एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया था। कोकरनाग के वायेलू इलाके के गडोल गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने इलाके की घेराबंदी की थी। घेरा सख्त होता देख वहां एक मकान में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें एक आतंकी मारा गया।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए आतंकी से भारी मात्रा में हथियार और जिहादी सामग्री भी बरामद हुई। बरामद हुए दस्तावेजों से यह पता लग पाया है कि आतंकी पाकिस्तान का रहने वाला था और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित था। मारा गया आतंकी सुरक्षाबलों और स्थानीय नागरिकों पर हमलों के कई मामलों में शामिल था।