रियासी जिले में गिरी कार में लगी आग
- फोटो : संवाद
रियासी जिले की तहसील भमाग में शनिवार देर शाम हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। कोठरू भमाग में देर शाम ईको नंबर जेके 20 सी- 0599 गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई। हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
ईको वाहन में तीन लोग मृत पाए गए। इनकी पहचान ड्राइवर करनैल सिंह, नसीब सिंह व मोहन लाल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खाई में गिरने के बाद ईको वाहन में आग लग गई।जिले में ही अन्य हादसे में कार पलटने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सब डिविजनल अस्पताल माहौर में लाया गया।
जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रियासी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले कर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार कार नंबर जेके20बी-9313 माहौर से गूल की तरफ जा रही थी।
चकलास में एक स्थान पर चालक गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया व कार पलट गई। घायल लोगों की पहचान मोहम्मद वसीम (18) तथा शायस्ता (21) निवासी मुलास के रूप में हुई है। तीसरे घायल की पहचान मंजीत सिंह (18) निवासी जमसलान के रूप में हुई है।
दो खंभों में शॉर्ट सर्किट और एक कार में लगी आग
जम्मू के गांधी नगर में बिजली के खंभों में शॉर्ट सर्किट और गोल मार्केट में एक कार को आग लग गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। गांधी नगर के पंंजमंदिर के पास सुबह सवा 9 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
देखते ही देखते तारें जलने लगी। फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। इसके बाद दुधाधारी मंदिर के पास खंभे में 1.35 बजे आग लग गई। यहां पर भी तारें जल गई। दोपहर सवा दो बजे अचानक गोल मार्केट में एक कार में आग लग गई। बताया जा रहा है कि कार की तारें जलने से आग लगी। देखते ही देखते गाड़ी जल गई।