तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के जम्मू-पुंछ हाईवे पर अखनूर में सड़क से फिसलकर 150 फीट गहरी खाई में खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया। मरने वालों में दो बच्चियां भी शामिल हैं। यह बस श्रद्धालुओं को लेकर शिवखोड़ी जा रही थी।
घायलों में शामिल 12 लोगों को अखनूर उपजिला अस्पताल में दाखिल किया गया था, जिन्हें देर रात जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। इसके साथ ही सभी पार्थिव शरीरों को भी जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। जीएमसी में शवों की चिकित्सा एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यूपी से जीएमसी जम्मू पहुंचे परिजन
हादसे की खबर पाने के बाद घायलों और मृतकों के परिजन कल ही यूपी से रवाना हो गए। जीएमसी जम्मू में कई परिजन पहुंच चुके हैं। उनकी आंखें पानी से भरी हुई हैं। किसी ने इस हादसे में अपना बेटा खो दिया है तो किसी ने भाई। किसी के जीवनसाथी ने साथ छोड़ दिया है तो किसी का पूरी परिवार ही दुनिया को अलविदा कह गया है।
शवगृह के बाहर यूपी से कई परिजन पहुंचे हुए हैं। जीएमसी के विभिन्न वार्डों में हादसे में घायल हुए दर्जनों यात्रियों का इलाज चल रहा है। इसमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यात्रियों की देखभाल और पोस्टमार्टम प्रिक्रया के लिए के लिए जीएमसी और जिला प्रशासन जुटा हुआ है।
जम्मू कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर चेक पोस्ट के छह कर्मचारी निलंबित
जम्मू-कश्मीर परिवहन विभाग ने प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में तैनात छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। अखनूर बस हादसे को लेकर यह कार्रवाई की गई है। इस ओवरलोड बस को प्रदेश में प्रवेश देने के लिए कथित तौर पर कर्तव्यहीनता को लेकर यह एक्शन लिया गया है।
एक आदेश के अनुसार, लखनपुर चेक पोस्ट के मोटर वाहन निरीक्षक और एक कनिष्ठ सहायक सहित छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और कर्तव्यहीनता की जांच लंबित रहने तक परिवहन आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
निलंबित अधिकारियों में मोटर वाहन निरीक्षक राजीव भसीन, कनिष्ठ सहायक सुमित मंगोत्रा और चार मल्टी टास्किंग स्टाफ अश्विनी कुमार, केशव सिंह, अमन कुमार और राकेश कुमार शामिल हैं।
सचिव ने गहन जांच के भी आदेश दिए हैं और आरोपों की जांच के लिए अतिरिक्त सचिव (तकनीकी) परमवीर सिंह को नियुक्त किया है। आदेश के अनुसार, जांच अधिकारी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है।
मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
इस हादसे को लेकर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। एसडीएम जम्मू दुर्घटना के कारणों की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देंगे। डीएम सचिन कुमार वैश्य ने कहा, जिला प्रशासन स्थिति पर बारिकी से नजर बनाए हुए हैं।