अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भारतीय वायुसेना द्वारा 21 और 22 सितंबर के एयर शो की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन के दौरान कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा। एयर शो में विश्व प्रसिद्ध एयर वॉरियर ड्रिल टीम, आकाशगंगा डेयरडेविल स्काई डाइविंग टीम, सूर्य किरण एरोबेटिक टीमें शामिल होंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि एयर शो में सुखोई-30 लड़ाकू विमान देखने को मिले। देश में जम्मू कश्मीर के विलय के 76 साल पूरे पर भारतीय वायुसेना और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित होंगे।
रविवार को मंडलायुक्त रमेश कुमार ने सुरक्षा, पार्किंग सुविधाओं और बैठने की व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों की समीक्षा की। यातायात विभाग को व्यापक यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने और उपयुक्त पार्किंग क्षेत्रों की पहचान करने का निर्देश दिया गया। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए यातायात पुलिस को एडवाइजरी जारी करने के लिए कहा गया। पर्यटन विभाग को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ निमंत्रण कार्ड छापने और बैठने की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है। हालांकि यह स्पष्ट किया कि केवल पास वाले आमंत्रित लोगों को ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंच की अनुमति होगी, जबकि आम जनता और दर्शक निर्धारित स्थानों से एयर शो का आनंद ले सकते हैं। कार्यक्रम में नौ विमान टीमों द्वारा सटीक उड़ान और प्रदर्शन होगा। हॉक एमके-132 और एमआई-17 मध्यम-लिफ्ट हेलिकॉप्टरों की उड़ान, स्लिथरिंग और छोटी टीम प्रविष्टि और निष्कर्षण तकनीक, फ्री फॉल पैरा का प्रदर्शन किया जाएगा।