उप राज्यपाल रिटा. ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा ने कहा, 370 निरस्त होने के बाद आ रहे बदलाव
एजेंसी
जम्मू। अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद से लद्दाख में अविश्वसनीय बदलाव आए हैं। वो दिन दूर नहीं जब लद्दाख देश के सबसे विकसित केंद्र शासित प्रदेश में शामिल होगा। इस दुर्गम क्षेत्र की आने वाली पीढ़ियों को पानी की उपलब्धता और स्थानीय लोगों के लिए पर्याप्त नौकरियां पैदा करने सहित भ्रष्टाचार मुक्त शासन स्थापित करना प्राथमिता में रहेगा। लद्दाख के उप राज्यपाल रिटा. ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि 370 से पहले लद्दाख के लोगों पास सीमित अधिकार थे। यह एक पहाड़ी परिषद थी और शक्तिहीन थी। अब हमें दो परिषदें मिल गई हैं (लेह और कारगिल)। ये दोनों परिषदें पूरी तरह कार्यात्मक हैं। हम उन्हें सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने जिक्र किया कि 2022 में करीब 2.75 लाख आबादी वाले केंद्र शासित प्रदेश में 5.31 लाख से अधिक पर्यटकों ने दौरा किया। मुझे लद्दाख आए हुए सात महीने हो चुके हैं। इस दौरान विकास के मामले में, लोगों के दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय आबादी कृषि, बागवानी, मछली पालन, रेशम उत्पादन और पशुपालन क्षेत्रों में प्रगति कर रही है। मिश्रा ने कहा कि लद्दाख के लोग अब स्टार्टअप स्थापित करने में भी आगे आने लगे हैं। यहां तेजी से सड़कों, पुलों, सुरंगों, हेलीपैड और हवाई अड्डों जैसे बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। 31 अक्टूबर को केंद्र शासित प्रदेश बनने के साथ इसके विकास की कहानी शुरू हुई। इससे पहले स्थानीय लोगों को उपेक्षित किया गया। यह क्षेत्र विकास की प्राथमिकताओं में नहीं था।
कृषि क्षेत्र में उद्यमी सामने आ रहे हैं, खुबानी फूल उत्सव से विदेशी पर्यटन आ रहे हैं
मिश्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता स्टार्टअप से लद्दाख के लोगों के लिए रोजगार सृजन करना है। हाल ही में पुलिस और सिविल सेवाओं में लगभग 600 रिक्तियां निकाली हैं, जबकि 800 रिक्तियों से संबंधित एक मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। मिश्रा ने कहा कि उन्होंने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) को प्रत्येक किसान से मिलने और उनके साथ तकनीक और पहल साझा करने के लिए कहा था। इससे फायदा यह हुआ कि कई उद्यमी सामने आए हैं और वे कृषि और बागवानी के क्षेत्र में ऐसी चीजें पैदा कर रहे हैं जो पहले कभी नहीं हुई थीं। प्रशासन ने यहां खुबानी फूल उत्सव शुरू किया है जो विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।