- 100 से ज्यादा जागरूकता शिविरों का आयोजन, 17 स्थानीय निकायों में हुए कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आवास एवं शहरी विकास विभाग ने स्वनिधि से समृद्धि और मैं भी डिजिटल पहल के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान 17 शहरी स्थानीय निकायों में चलाया गया। इसमें अनंतनाग, बारामुला, सोपोर, कुपवाड़ा, पुलवामा, हंदवाड़ा, शोपियां, बडगाम, बांदीपोरा, उधमपुर, कठुआ, राजौरी, आरएस पुरा, बाड़ी-ब्राह्मण, पुंछ, डोडा और रामबन शामिल हैं।
इस अभियान का उद्देश्य रेहड़ी-फडी वालों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनका उत्थान करना रहा। अभियान अवधि के दौरान लगभग 100 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इसमें 1200 से अधिक पात्र रेहड़ी-फड़ी वालों और उनके परिवारों को लाभ मिला। स्वनिधि से समृद्धि पहल के तहत विक्रेताओं को पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई, आयुष्मान भारत, पीएम मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना और जन धन योजना जैसी प्रमुख सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
इसका उद्देश्य समग्र विकास को बढ़ावा देना और विक्रेताओं के वित्तीय और सामाजिक समावेश को मुख्यधारा के कल्याण तंत्र में सुनिश्चित करना था। मैं भी डिजिटल अभियान ने बैंकिंग संस्थानों और डिजिटल एग्रीगेटर्स के सहयोग से स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल भुगतान टूल और प्रशिक्षण के साथ सशक्त बनाया।