- संभागीय आयुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले राशन, ईंधन, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं को उपलब्ध करवाया जाए। अकसर सर्दी के दौरान आवश्यक वस्तुओं, सड़कों पर बर्फ हटाने के लिए मशीनरी, बिजली और पानी की निर्बाध व्यवस्था पर काम किया जाए।
यह निर्देश संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार ने शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्तों और विभागाध्यक्षों की हुइ बैठक में दिए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि बर्फीले, दूर-दराज इलाकों में राशन और एलपीजी जैसी आवश्यक वस्तुओं का पहले से भंडारण होना चाहिए। इससे जरूरत पर लोगों को राशन सहित अन्य चीजें समय पर मिल सकेंगी।
बर्फबारी के दौरान सड़कों को दुरुस्त रखने के लिए लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, बीआरओ, एमईडी काम करेगा। निर्बाध बिजली, पानी की आपूर्ति और भारी बर्फबारी के दौरान आपात स्थिति को पूरा करने के लिए जिलेवार योजना का भी जायजा लिया। उन्होंने ट्रांसफार्मरों का बफर स्टॉक बनाए रखने को कहा। बताया गया कि जनता की शिकायतें प्राप्त करने एवं आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा 24 घंटे जिलावार नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने उपायुक्तों एवं संबंधित विभाग को नियंत्रण कक्ष के नंबरों के व्यापक प्रसार एवं प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य निदेशक से सभी बर्फीले जिलों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। लकड़ी से बने मकानों वाले क्षेत्रों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए जन जागरूकता करने को कहा।