राज्य स्तरीय युवा उत्सव के समापन पर पांच युवा केंद्रित कार्यक्रमों को एकीकृत करने के प्रयासों को सराहा
कहा- युवा शक्ति तय कर रही विकास का एजेंडा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि युवा शक्ति हमारे देश की सबसे बड़ी संपत्ति है। उनमें बिना किसी डर के सभी बाधाओं और चुनौतियों के खिलाफ अकेले खड़े होने का साहस है और वे समाज की भलाई के लिए नए विचार और नई पहल प्रदान करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। वह रविवार को गवर्नमेंट एमएएम कॉलेज में राज्य स्तरीय युवा उत्सव: इंडिया2047 के समापन समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवा उत्सव के लिए पांच युवा केंद्रित कार्यक्रमों को एकीकृत करने के प्रयासों की सराहना की।
दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से किया गया था। उपराज्यपाल ने पेंटिंग, कविता, भाषण, फोटोग्राफी और संस्कृति सहित विभिन्न श्रेणियों के तहत विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्राण से प्रेरित होकर इस वर्ष के युवा उत्सव के लिए पांच युवा केंद्रित कार्यक्रमों को एकीकृत करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मकता, करिश्मा और कड़ी मेहनत वह प्रबल शक्ति है, जो विकास का नया एजेंडा तय कर रही है। नए विचार और दृढ़ विश्वास विभिन्न क्षेत्रों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और नई खोजों और नवाचार में योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने युवा उत्सव के विजेताओं और जूरी सदस्यों को सम्मानित किया। नेहरू युवा केंद्र संगठन जम्मू कश्मीर और लद्दाख के निदेशक निसार अहमद ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में युवा उत्सव के संबंध में आयोजित प्रतियोगिताओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना, आईजीपी जम्मू आनंद जैन और डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज शक्ति कुमार पाठक आदि उपस्थित रहे।
लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए युवाओं की ऊर्जा
का उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर
उप राज्यपाल ने रचनात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए युवाओं की ऊर्जा का उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि बेहतर भविष्य को आकार देने और सामाजिक-आर्थिक क्रांति लाने के लिए युवा सबसे शक्तिशाली उपकरण हैं। पहल, नेतृत्व, आत्मविश्वास, दृढ़ता, कल्पनाशीलता और असफलता से सीखने का साहस युवाओं के दुर्लभ गुण हैं, जो समाज को प्रभावित करते हैं और विकास यात्रा में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। युवाओं को विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए खुद को फिर से समर्पित करने के लिए प्रेरित किया। भविष्य भारत और हमारे युवाओं का है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि युवा एक समृद्ध समाज के निर्माण के लिए दुनिया का नेतृत्व करेंगे।