आयुक्त ने लिया सफाई का जायजा, किया वार्डों का दौरा
आयुक्त ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्थिति का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने शुक्रवार को वार्ड 30, 32, 40, 41 और 61 सहित विकास लेन, तालाब तिल्लो, पुंछ हाउस, गोल गुजराल, अखनूर रोड, त्रिलोकपुर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इसका उद्देश्य स्वच्छता का आकलन और स्वच्छता कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन करना था।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से कचरा प्रबंधन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी आम जनता के बीच जल निकायों में कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूकता पैदा करेंगे।
उन्होंने लोगों को घर-घर से कचरा संग्रहण के लिए समर्पित वाहनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही स्वच्छता परिदृश्य में सुधार करके नगरपालिका सेवाओं को बढ़ाने के लिए जेएमसी की प्रतिबद्धता को दोहराया।