हाईवे पर सिद्दड़ा में शाम के समय हुआ हादसा, नरवाल की तरफ आ रहे थे स्कूटी सवार युवक
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के सिद्दड़ा में हाईवे पर रविवार शाम को हुए हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अंकुश (22) निवासी महावीर बस्ती घौ मन्हासा के रूप में हुई है। यह हादसा बत्रा अस्पताल के पास हुआ है, जहां प्रकाश की व्यवस्था नहीं है।
पुलिस के अनुसार स्कूटी (जेके02डीके 9344) सवार दोनों युवक शाम सात बजे सिद्दड़ा से नरवाल की तरफ आ रहे थे। इस बीच बत्रा अस्पताल के पास उनकी स्कूटी फिसलने से दोनों नीचे गिर गए। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घायल युवक को बत्रा अस्पताल में इलाज के लिए भेजा, जबकि मृतक को जीएमसी लाया गया। वाहन चालकों ने हेलमेट पहना था या नहीं, इस पर पुलिस कुछ स्पष्ट नहीं कर सकी है।
सिद्दड़ा में हाईवे पर इन दिनों निर्माण कार्य जारी है। इसके कारण सड़क संकरी हो गई है। ट्रैफिक जाम रहता है। रात के समय वाहन चालकों के लिए परिचालन करना चुनौती होती है। अंधेरा व निर्माण सामग्री के सड़क पर बिखरे होने के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। घटना स्थल पर पहुंचे के अनुसार सड़क हादसे के कारण का पता लगा रही है।