विधानसभा चुनाव में वकील अब जनता की अदालत में दलीलें देते दिखेंगे। काले कोट के साथ राजनीति की सफेद पोशाक पहनने के लिए वकीलों की रूचि बढ़ी है। राजनीतिक दलों ने भी भरोसा जताते हुए 17 वकीलों को उम्मीदवार बनाया है।
पीडीपी ने तो राजोरी-पुंछ की आठ में छह सीट पर वकील प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा, पीडीपी, अपनी पार्टी ने भी वकीलों पर विश्वास दिखाया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अभी तक कोई वकील नहीं उतारा है।
अब तक पीडीपी, भाजपा, अपनी पार्टी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषित उम्मीदवारों में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर और वकीलों की संख्या 30 के करीब है। वकील के बाद दूसरे स्थान पर डॉक्टर हैं। इनकी संख्या सात है।
अनंतनाग से पीडीपी-नेकां दोनों के प्रत्याशी डॉक्टर
भाजपा ने दो डॉक्टर उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें रामगढ़ विस सीट से डॉ. दविंदर मनयाल और आरएस पुरा जम्मू से डॉ. नरेंद्र रैना को टिकट दिया गया है। इसी तरह से भाजपा ने सुचेतगढ़ से एक प्रोफेसर और एक इंजीनियर को भी टिकट दिया है। पीडीपी ने पहलगाम और अनंतनाग से क्रमशः डॉ. शब्बीर और महबूब बेग को टिकट दिया है।