हमेशा लोगों की सेवा में हाजिर रहने वाली जेएंडके पुलिस लोगों की सेवा से गैरहाजिर हो गई है। शहर के एक दर्जन पुलिस थानों और पुलिस चौकियों में यदि लोग संपर्क करना चाहें तो नहीं कर पाएंगे। लैंडलाइन फोन सुविधा के बिल जमा न करवाने पर बीएसएनएल ने फोन सुविधा बंद कर दी है।
पुलिस के पास बिल जमा कराने की ग्रांट नहीं है। इसकी वजह से बिल जमा नहीं हो सके। ऐसे में ये थाने और चौकियां लोगों की सेवा से दूर हो गई हैं। जानकारी के अनुसार बख्शी नगर, बस स्टैंड, छन्नी, गंग्याल, जानीपुर, नगरोटा पुलिस स्टेशन सहित सरवाल पुलिस चौकी और कुछ अन्य पुलिस चौकियों के लैंड लाइन नंबर पिछले पांच दिनों से बंद पड़े हुए हैं।
किसी नंबर पर कनेक्शन की सर्विस वापस लेने की बात कही जा रही है, तो कई के रूट व्यस्त हो गए हैं। नंबरों के बंद होने के बारे में डीआईजी जम्मू, शकील बेग ने बताया कि पुलिस के पास ग्रांट नहीं आई है।