जम्मू-कश्मीर की सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के भीतर जारी अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सड़क पर आ गई। राजोरी में एक कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को अपनी ही सरकार के विधायक से अपमानजनक शब्दों का सामना करना पड़ा। बुद्धल से पार्टी विधायक जावेद इकबाल चौधरी ने सुरिंदर पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ठग बता दिया।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राजोरी में आयोजित उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम से विधायक जावेद की गैरहाजिरी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गईं। इंस्टाग्राम पर अपनी अनुपस्थिति से जुड़ी एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया में जावेद ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने टिप्पणी में लिखा कि उपमुख्यमंत्री एक ठग हैं और वे कार्यक्रमों में मेरी मौजूदगी के लायक नहीं हैं। हमारे लिए मेरा आत्मसम्मान और क्षेत्र की जनता के हित सर्वोपरि हैं। इस ताजा बयान ने पीर पंजाल क्षेत्र के विधायकों और उपमुख्यमंत्री के बीच की गहरी होती खाई को बेनकाब कर दिया है।
सुरिंदर के रवैये के खिलाफ मुखर रहे हैं विधायक
अब विधायक जावेद के बयान से नेकां के भीतर, विशेष रूप से पीर पंजाल क्षेत्र के विधायकों और उपमुख्यमंत्री के बीच बढ़ती खाई को एक बार फिर सामने ला दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नेकां के कई विधायक शुरू से ही सुरिंदर चौधरी के कामकाज और रवैये के खिलाफ मुखर रहे हैं। पीर पंजाल क्षेत्र के इन विधायकों ने उपमुख्यमंत्री पर उनके विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों में लगातार भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पहले भी मुख्यमंत्री के सामने उठ चुका है विरोध
उपमुख्यमंत्री के खिलाफ विधायकों की यह नाराजगी कोई नई बात नहीं है। इससे पहले 3 जून को श्रीनगर के दाछिगाम में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में भी असंतुष्ट विधायकों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के समक्ष उपमुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
उस बैठक में विधायकों ने विशेष रूप से सुरिंदर चौधरी के पास मौजूद सड़क एवं भवन निर्माण (आरएंडबी) विभाग के कामकाज पर कड़ा ऐतराज जताया था। असंतुष्ट विधायकों के इस गुट ने पार्टी हाईकमान को ज्ञापन सौंपकर उपमुख्यमंत्री से आरएंडबी विभाग वापस लेने की मांग भी की थी।