महंगाई ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
फूड, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामलों के मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने कहा है कि राज्य सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिए कंट्रोल आर्डर जारी किया है। इसके तहत काला बाजारियों और जरूरी पदार्थों का क्षमता से ज्यादा भंडारण करने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी।
जम्मू में नागरिक सचिवालय में शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक में मंत्री ने कहा कि कंट्रोल आर्डर से जरूरी पदार्थों का सीमित भंडारण ही किया जा सकता है। इसमें कोई भी थोक विक्रता 800 क्विंटल से ज्यादा दालों का भंडारण नहीं कर सकता है। 600 क्विंटल से ज्यादा प्याज, 1200 लीटर से ज्यादा पकाने के तेल का भंडारण नहीं किया जा सकता।
मंत्री ने इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों से कहा कि वह प्रत्येक माह की 15 तारीख तक राशन के वितरण को सुनिश्चित करें। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि एनएफएसए और एमएमएसएफईएस के तहत तीन महीने के एडवांस राशन की प्रक्रिया किश्तवाड़, रामबन और डोडा जिलों में अक्तूबर, जनवरी, अप्रैल और जुलाई महीने में हुआ करेगी।
रियासी, राजोरी और पुंछ जिलों में नवंबर, फरवरी और मई व अगस्त में तीन महीने का एडवांस राशन जारी हुआ करेगा। इसी तरह कठुआ, सांबा, जम्मू व उधमपुर में दिसंबर, मार्च, जून व सितंबर में राशन मिला करेगा। उन्होंने कहा डीलर हर माह की पांच तारीख तक राशन एडवांस विभाग को जमा करवाएं नहीं तो विभाग उपभोक्ताओं को सीधे राशन की सप्लाई कर देगा।