चीन की सेना द्वारा बार बार घुसपैठ की कोशिशों के मद्देनजर इंडो-तिब्बतन बार्डर पुलिस (आईटीबीपी) लेह में एक नई कमान गठित करेगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आईटीबीपी ने सेक्टर कमांड गठित करने का निर्णय किया है जिसके प्रमुख पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी होंगे।
इसके अलावा आईटीबीपी लद्दाख की बर्फीली ऊंचाइयों पर 40 आधुनिक बार्डर आउटपोस्ट स्थापित करने की प्रक्रिया में है। उल्लेखनीय है कि आईटीबीपी लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 4,086 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की चौकसी करती है।
चीनी सेना की घुसपैठ की कोशिशों पर सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली आईटीबीपी का पहले एक फ्रंटियर था जिसके प्रमुख लेह और श्रीनगर स्थित दो पुलिस उप महानिरीक्षक होते थे। ये दोनों अधिकारी चंडीगढ़ स्थित पुलिस महानिरीक्षक को रिपोर्ट करते थे।