दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसजेके आतंकी संगठन के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह तीनों आतंकी दिल्ली को दहलाने की बड़ी साजिश श्रीनगर में रच रहे थे। इनमें से एक आतंकी तो देश के प्रसिद्ध संस्थान जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का छात्र भी रहा है। बाद में उसने पढ़ाई छोड़ आतंकी संगठन ज्वाइन कर लिया था।
मूलरूप से वथुरा, बडगाम का रहने वाला आतंकी हारिस मुशताक खान उर्फ अबु बकर ने स्कूल की पढ़ाई करननगर, श्रीनगर से की थी। 2013 में उसने दिल्ली के जामिया मिलिया विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन में दाखिला लिया। यहां 2013 से 2015 के बीच उसने ग्रेजुएशन किया। बाद में एमए इंटरनेशनल स्ट्डीज में दाखिला लिया, लेकिन 2017 में वह पढ़ाई छोड़कर गायब हो गया। परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई। बाद में उसके आईएस का आतंकी बनने का पता चला।
आतंकियों से आईएस का झंडा, तीन हैंडग्रेनेड, दो पिस्टल, 14 कारतूस, चार मोबाइल, एक बाइक और भारी मात्रा में रसद सामग्री बरामद की गई है। पकड़ने के दौरान आतंकियों ने पुलिस पर ग्रेनेड फेंका, लेकिन वह फटा नहीं। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि आतंकियों की पहचान तराल के ताहिर अली खान उर्फ मुसैब (23), बड़गाम के हारिस मुश्ताक खान उर्फ अबु बकर (24) और रैनावाड़ी के आसिफ सुहैल नदफ उर्फ करीम (22) के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ के बाद श्रीनगर की एसओजी ने आईएस से जुड़े दर्जन भर संदिग्धों को पकड़ा।
पुलिस ने रुकने को कहा तो आतंकियों ने फेंका ग्रेनेड
पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुश्वाहा ने बताया, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और श्रीनगर एसओजी ने शनिवार को आतंकियों की तलाश में श्रीनगर के टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर के पास कोठीबाग इलाके में छानबीन शुरू कर की। इसी दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्धों को आता देखकर रुकने का इशारा किया तो उन्होंने ग्रेनेड से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह फटा नहीं। तीनों को वहीं दबोच लिया। आतंकियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आवंतीपोरा के पंचग्राम गांव में सेब के एक बगीचे के बीच अंडरग्राउंड ठिकाने पर छापा मारकर वहां से खाना-पीने व भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया। आतंकियों ने बताया कि वह 31 जुलाई को अनंतनाग इलाके में सीआरपीएफ गार्ड पर ग्रेनेड हमले में शामिल थे।