नरवाल पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल दुर्गा दत्त ने रविवार को आईपीएस अफसर पर आरएस पुरा थाने में उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित को गांधीनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया। जीएमसी में (3127) नंबर से एमएलसी भी बना है। पीड़ित का आरोप है कि आईपीएस अफसर आरएस पुरा थाने में प्रोबेशन पीरियड पर बतौर एसएचओ तैनात है।
उन्होंने उसे लात-घुसों और डंडों से बुरी तरह पीटा है। उनके सिर, कान, बाजू और जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं। निशान अभी मौजूद हैं। दुर्गा दत्त के मुताबिक उनका एक्सरे, सीटी स्कैन भी हुआ और मौजूदा समय में इमरजेंसी में उपचाराधीन हैं। दुर्गा दत्त सुंदरबनी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि 32 साल पुलिस की नौकरी में हो गए हैं। 15 मई को आईपीएस अफसर चंदन कोहली नरवाल अपनी कार पर सवार होकर आए थे।
उन्होंने अपनी कार सड़क पर रांग साइड डाल दी थी, जिस पर उन्होंने उन्हें गाड़ी साइड पर लगाने को कहा था। इसके बाद वह नरवाल चौकी आ गए और उनके साथ बहस करने लगे और उलटा उनके खिलाफ ही शिकायत दर्ज करवा दी। फिर 18 मई को जब उन्हें पता चला कि उन्हें सस्पेंड किया जा रहा है तो वह बात न बढ़ाकर छुट्टी लेकर और आरएस पुरा थाने उनसे माफी मांगने पहुंच गए, लेकिन वहां पर उन्होंने उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। सिर दीवार पर दे मारा, जिससे वह जख्मी हो गए।
मारपीट का आरोप बेबुनियाद: आईपीएस
आईपीएस अफसर चंदन कोहली ने बताया कि हेड कांस्टेबल दुर्गा दत्त ने 15 मई को शराब पी रखी थी, उन्होंने उसका मेडिकल करवाया था और रोजनामचे पर रिपोर्ट भी डाली थी। चंदन कोहली ने मारपीट के लगाए आरोपों को बेबुनियाद ठहराया है।