जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विभाग की तरफ से सोमवार को गांधीनगर स्थित पद्मश्री पद्मा सचदेव राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं के लिए इंटर्नशिप प्रोग्राम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को पत्रकारिता के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया जाएगा। इससे उन्हें मीडिया के बदलते परिदृश्य को समझने में आसानी होगी।
विभागाध्यक्ष गरिमा गुप्ता ने बताया कि इंटर्नशिप छात्राओं को एकेडमिक ज्ञान और पेशे की आवश्यकताओं के बीच की दूरी पाटने में मदद करेगी। इस दौरान छात्राओं के लिए कार्यशाला, समाचार पत्रों के कार्यालय का दौरा और मीडिया विशेषज्ञों से संवाद कराया जाएगा। साथ ही उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट क्रिएशन आदि की भी जानकारी दी जाएगी। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार रोशन किशोर और सुमित चतुर्वेदी ने पत्रकारिता नैतिकता, स्टोरी टेलिंग और व्यावहारिक अनुभव की अहमियत पर विचार रखे।