अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर करनाह घाटी में सेना ने 10 जून से 21 जून 2021 तक ऑनलाइन योग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी में प्रतिभा की पहचान, जागरूकता बढ़ाने, अधिक से अधिक लोगों को अपनी जीवन शैली में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता सभी आयु समूहों के लिए थी ताकि इसमें अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें। दोनों श्रेणियों के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। सेना के जवानों ने भी इस दिन अग्रिम चौकियों पर योग करके अवाम को इसके लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी तस्वीरें और वीडियो प्रस्तुत किए हैं। लगभग 80 प्रस्तुतियाँ दर्ज की गईं, जिनमें से सुहैल सादिक लोन और अरसलान एजजा ने 14 साल से कम की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब्दुल कयूम मीर और राशिद इकबाल ने 14 साल से ऊपर की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
प्रतियोगिता को करनाह तहसील के स्थानीय लोगों ने खूब सराहा। हजीनार के सरपंच जफर हुसैन लोन ने कहा "योग मनुष्य के लिए एक सुंदर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक अभ्यास है। कोविड-19 महामारी ने लोगों में तनाव और चिंता बढ़ा दी है। मैं ऑनलाइन योग प्रतियोगिता आयोजित करने और यह योग्य अवसर प्रदान करने के लिए सेना को धन्यवाद देना चाहता हूं।”
प्राणायाम के लाभों के बारे में बात करते हुए हफ्सा गफूर ने कहा, "यह बहुत प्रभावी है और इसमें 'अनुलोम-विलोम', 'कपालभाती' और 'भारतिका' जैसे अनगिनत रूप हैं। योग के ये सभी रूप हमारे श्वसन और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में बहुत मदद करते हैं।" उन्होंने लोगों से प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का अनुरोध किया।