श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में आगामी 18 अक्तूबर को छठे नवरात्र पर करवाए जा रहे 11वें मिशन दोस्ती इंटर नेशनल इंडियन स्टाइल दंगल में भारत के अलावा यूक्रेन, इंग्लैंड और बेलारूस के पहलवान दम दिखाएंगे।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड मल्टीपर्पज स्टेडियम कटड़ा में करवाए जा रहे इस दंगल में देसी पहलवानों को विदेशियों के साथ दो-दो हाथ करने का मौका मिलेगा।
जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन और अन्य दूसरी एजेंसियों के सहयोग से नवरात्र फेस्टिवल के दौरान करवाया जा रहा अंतरराष्ट्रीय दंगल आकर्षण का केंद्र रहा है। इस बार दंगल में इंग्लैंड, यूक्रेन और बेलारूस से एक-एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पहलवान शिरकत करेगा।
देशभर से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि राज्यों से करीब पचास पहलवान भी टक्कर देने के लिए मैदान में रहेंगे। दंगल से पूर्व कटड़ा में शोभायात्रा में हेलीकाप्टर से पहलवानों पर पुष्प वर्षा करके उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
उन्हें स्थानीय पगडि़यां और माता की चुनरी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। पिछले साल सितंबर में बाढ़ के कारण दंगल को नवंबर में करवाया गया था।
तीसरे साल भी पाक पहलवान बाहर रहेंगे!
सीमा पर खराब हालात और आतंकी हमलों के चलते कटड़ा अंतरराष्ट्रीय दंगल में पाक पहलवानों को न बुलाना लगभग तय है। यह लगातार तीसरा साल होगा, जब दंगल में पाक पहलवान बाहर रहेंगे। भारत और पाक के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटड़ा में वर्ष 2005 में रुस्तम-ए-इंटरनेशनल दंगल की शुरुआत की गई थी।