संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर की प्रतिभाशाली बल्लेबाज चित्रा सिंह जम्वाल की 74 रनों की नाबाद पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने चंडीगढ़ को छह विकेट से हराया। जेकेसीए सीनियर महिला टी20 टीम के तैयारी शिविर के हिस्से के रूप में अंतरराज्यीय अभ्यास मैच सोमवार को जेकेसीए हॉस्टल ग्राउंड में खेला गया।
चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। सुमन राजपूत की 43 रनों की शानदार पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 110 रन बनाए। शिवांगी यादव ने 19 रनों का योगदान दिया। जेएंडके के लिए संध्या सयाल, सरला देवी और अंजू तोमर ने एक-एक विकेट लिया।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर की खिलाड़ी चित्रा ने शानदार पारी खेली। 56 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। अंजू तोमर ने 15, रूबिया सैयद ने 13 और सरला देवी ने नाबाद 5 रन बनाए। टीम ने 18.1 ओवर में ही मैच जीत लिया। चंडीगढ़ की मोनिका बिश्नोई ने 4 ओवरों में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। कप्तान काशवी गौतम ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन कोई विकेट नहीं मिला।