संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। युवा सेवा और खेल विभाग जम्मू जोन की ओर से अंतर स्कूल जोनल स्तरीय टूर्नामेंट जारी है। इसके तीसरे दिन वीरवार को खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबाॅल, शतरंज, योग और हैंडबाॅल के मैच खेले गए। अंडर-14 लड़कियों के खो-खो के फाइनल में सेंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल विजेता रहा, जबकि हरमन जीएमनियर स्कूल उपविजेता रहा। इसी तरह कबड्डी फाइनल मैच में अंडर 14 वर्ष की लड़कियों में जागृति मिशन विजेता और जीएचएस टॉप शेरखानिया उपविजेता रही।
जीजीएचएसएस बख्शी नगर में अंडर-14 व 17 लड़कों के खो-खो और कबड्डी के मैच हुए। वहीं, जीबीएचएसएस बख्शी नगर में अंडर-14 व 17 लड़कों के वाॅलीबाॅल के, परेड ग्राउंड में लड़कों के अंडर-14 फुटबाल और अंडर-14 व 17 के बास्केटबाॅल के मुकाबले हुए। शास्त्री मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में लड़कों के अंडर-14 व 17 के चेस और जीएमएस पटोली में अंडर-14 व अंडर-17 के योग के मुकाबले हुए। इसी तरह सनातन धर्म हाई स्कूल रिहाड़ी में लड़कों और लड़कियों के अंडर-14 के हैंडबाल के मुकाबले हुए। क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा अधिकारी जम्मू, हरविंदर कौर के समग्र पर्यवेक्षण के तहत इसका आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जम्मू जोन के विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।