श्रीनगर में सीआरपीएफ द्वारा एक बार फिर से युवाओं को खेल कूद की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल कप 2017 की आयोजन टीआरसी स्थित सिंथेटिक टर्फ में किया गया। राज्य के खेल मंत्री इमरान रज़ा अंसारी द्वारा इस टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर घाटी के पाराम्परिक नृत्य़ के साथ ही अन्य कई रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में श्रीनगर की चार जबकि गांदरबल और बडगाम से 2-2 टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए खेल मंत्री इमरान रज़ा अंसारी ने कहा कि सीआरपीएफ की ओर से युवाओं को खेलकूद की ओर आकर्षित करने यह एक अच्छी शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का जो यह दृष्टिकोण है उसे मीडिया द्वारा अवाम तक पहुंचाने की ज़रुरत है ताकि लोगों को भी यह पता लग पाए कि वह कानून व्यवस्था के अलावा युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ावा देने में भी योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे इवेंट्स से हालातों पर काफी अच्छा असर पड़ेगा क्यूंकि अगर युवा ऐसे खेलकूद में व्यस्त रहेंगे तो इन्हें गलत राह पर जाने के लिए कोई भी मौका नहीं मिलेगा जिससे इस युवा पीढ़ी का ही भला होगा।
वहीं आतंक के राह छोड़ वापस आ रहे युवाओं को लेकर अंसारी ने कहा कि यह एक अच्छी बात है कि जो यह भटके हुए युवा वापसी कर रहे हैं। वो अपने ही लोग हैं, अपना खून है और अगर वो वापस आ रहे है यह बहुत अच्छी बात है।
पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि वो (पाकिस्तान) नहीं चाहते कि हम कश्मीरियों के चेहरों पर ख़ुशी दिखे। वो चाहते हैं कि यहा गम और तनाव का माहौल बना रहे। गौरतलब है कि इस अवसर पर सीआरपीएफ के श्रीनगर सेक्टर के आईजीपी रविदीप सिंह साही, डीआईजी सीआरपीएफ श्रीनगर (नार्थ) नरिंदर पॉल, डीसी श्रीनगर आबिद बशीर, और अन्य कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।