संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय की ओर से अंतर कॉलेज कबड्डी टूर्नामेंट का आगाज सोमवार को जिम्नेजियम हॉल में हुआ। जीडीसी बिश्नाह, रियासी, सांबा और राजौरी ने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। इससे पहले खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. दाउद इकबाल बाबा ने सिक्का उछालकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
पहले मैच में जीडीसी बिश्नाह ने सिद्दड़ा को 30-15 से हराया। दूसरे मुकाबले में जीडीसी रियासी ने पलौड़ा को 18-15, जीडीसी सांबा ने जीडीसी विजयपुर को 30-20 से पराजित किया। अंतिम मुकाबले में जीडीसी राजौरी ने चिनैनी को 26-22 से मात दी। मैचों का संचालन धीरज शर्मा, अमनदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, केशव सिंह, रॉकी शर्मा, गगन कुमार ने किया। मंगलवार को अगले दौर के मैच सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे।
जीडीसी सांबा ने सिद्दड़ा को सात रन से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय द्वारा यूनिवर्सिटी मैदान में चल रहे अंतर कॉलेजिएट क्रिकेट प्रतियोगिता में जीडीसी सांबा ने जीडीसी सिद्दड़ा को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर अगले दौर के लिए प्रवेश किया। जीडीसी सांबा ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 120 रन बनाए। अमित वर्मा ने 48 गेंद पर 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रोहित शर्मा ने 22 और अनुज शर्मा ने 13 रन का योगदान दिया। आजाद ने दो, जबकि दविंदर और तौहिद ने एक-एक विकेट लिया। वहीं, जीडीसी सिद्दड़ा 20 ओवर में सात विकेट खोकर 113 रन बना सकी और मुकाबला 7 रन से हार गई। कासिफ ने 26, इशाक ने 21 और तौहिद ने 10 रन बनाए। अक्षित ने तीन, अमित शर्मा ने दो और अभय सिंह ने एक विकेट लिया। मैचों का संचालन राजकुमार बख्शी, विजय सिंह, बाबार और साजिद खान ने किया।