रियासी। राज्यपाल के सलाहकार डॉ. फारूक खान ने कहा कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में पुख्ता प्रबंध कर लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं। जिला अस्पताल रियासी में डॉक्टरों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। नए डॉक्टरों की तैनाती होगी। यह बातें उन्होंने जिला अस्पताल का दौरा करने के बाद कहीं। वहीं, उन्होंने मौजूदा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। वहीं, संक्रमितों को ऑक्सीजन मुहैया करवाने के निर्देश दिए।
बुधवार दोपहर को सलाहकार जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान आपातकालीन वार्ड सहित ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। वहीं, उन्होंने कोविड के दौरान संक्रमित किसी भी व्यक्ति को ऑक्सीजन की कमी नहीं आने देने के निर्देश दिए। मौके पर जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉक्टर राजेंद्र कुमार ने मौजूद व्यवस्थाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बाद में सलाहकार ने जिला प्रशासन व स्वास्थय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान डीसी अजय कुमार शर्मा, एसीआर संजय बड़याल, सीएमओ डॉक्टर राजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।