प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बार अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में ऐसी कई घटनाओं और लोगों का उल्लेख करते हैं जिनसे समाज को प्रेरणा मिलती है। रविवार के कार्यक्रम में उन्होंने कश्मीर के डूरु म्यूनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल का जिक्र करते हुए प्रशंसा की।
पीएम मोदी ने बताया कि कैसे अपने इलाके में कोरोना महामारी से निपटने के लिए इकबाल ने खुद ही कदम आगे बढ़ाया और सफलता पाई। मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर से एक प्रेरक घटना सामने आई है।
अनंतनाग में म्यूनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष हैं इकबाल। उन्हें अपने इलाके में सैनिटाइजेशन के लिए स्प्रेयर की जरूरत थी। उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि मशीन दूसरे शहर से लानी पड़ेगी और उसकी कीमत भी होगी छह लाख रुपये।
इसके बाद इकबाल ने खुद ही प्रयास करके अपने आप स्प्रेयर मशीन बना डाली। और वो भी केवल 50 हजार रुपये में। ऐसे कितने ही और उदाहरण हैं। पूरे देश में कोने-कोने में ऐसी कई प्रेरक घटनाएं प्रतिदिन सामने आती हैं।
यह सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं। चुनौती आई लेकिन लोगों ने उतनी ही ताकत से उसका सामना भी किया।