बाड़ी ब्राह्मणा। तहसीलदार दीक्षा बंबा ने मंगलवार को स्कूल के खेल के मैदान के लिए दौरा किया। उन्होंने उसका निरीक्षण भी किया। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता के पास तीन नवंबर को वार्ड-10 के पार्षद प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मिला था। उन्होंने उपायुक्त से गुहार लगाई थी कि वार्ड-10 में सरकारी मिडिल स्कूल के लिए खेल मैदान नहीं है।
अनुरोध किया गया था कि स्कूल के साथ ही सिंचाई विभाग की जमीन है, अगर उस पर खेल का मैदान बनाया जाए तो बच्चों के भविष्य के लिए बेहतर होगा। उपायुक्त ने दो दिन के अंदर तहसीलदार बाड़ी ब्राह्मणा और एक्सईएन सिंचाई विभाग को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट दायर करने के लिए कहा। मंगलवार को तहसीलदार ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग की जमीन का वह टुकड़ा, जिसके लिए लोगों ने अनुरोध किया था, का निरीक्षण किया और खेल मैदान की रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली। लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस मौके पर राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी, स्थानीय लोग और पार्षद प्रवीण कुमार मौजूद रहे।