मीरां साहिब। बीडीसी चेयरमैन मीरां साहिब दलीप कुमार तथा ग्रामीण विकास विभाग अधिकारी अफशां हमाला ने बन सुल्तान लोअर पंचायत का सोमवार को दौरा किया। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। गांव के लोगों ने ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के पास गली में गंदे पानी की निकासी न होने का मुद्दा उठाया।
सरपंच दयापाल, पंच संगीता कुमारी तथा पंच जोगिंदर सिंह ने कहा कि उक्त गली की हालत लंबे समय से खस्ता है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। नाले का प्रबंध न होने के कारण पानी गली में जमा हो जाता है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। साथ में बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां पर जल्द से जल्द नाले का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके। बीडीसी चेयरमैन दलीप कुमार ने कहा कि पहले सभी लोगों को एक राय बनानी चाहिए ताकि गंदे पानी की निकासी हो सके। कुछ लोग नाले के निर्माण में अड़चनें डाल रहे हैं, जिस कारण यह कार्य अधर में लटका है। अब जल्द राजस्व विभाग की टीम को साथ लेकर जगह का मुआयना किया जाएगा और जिन लोगों ने नाले पर अवैध रूप से कब्जा किया है उसे हटाया जाएगा। इस मौके पर पंचायत के अन्य लोग व कई पंच भी मौजूद थे।