जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात कुप्रबंधन के चलते जाम की गाज ट्रैफिक पुलिस के तीन अधिकारियों पर गिरी है। डीजीपी ने एसएसपी ट्रैफिक हाईवे, डिप्टी एसपी ट्रैफिक बनिहाल और कुलगाम को अटैच कर दिया है। साथ ही इनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
हाईवे पर बनिहाल-काजीगुंड के बीच 20 और 21 जनवरी को भारी जाम की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। डीजीपी एसपी वैद ने एसएसपी हाईवे संजय कुमार कोतवाल, डिप्टी एसपी कुलगाम सफदर हमीद हसन समून और डिप्टी एसपी बनिहाल निहार रंजन को जांच पूरी होने तक डीआईजी दक्षिणी कश्मीर कार्यालय में अटैच कर दिया है।
इनके खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करने को लेकर गंभीर न होने के आरोप की जांच होगी। इस बीच एसएसपी रामबन को एसएसपी ट्रैफिक हाईवे, एसडीपीओ बनिहाल को डिप्टी एसपी ट्रैफिक बनिहाल और एसडीपीओ काजीगुंड को डिप्टी एसपी ट्रैफिक कुलगाम का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।