उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में एलओसी के करीब सेना के सतर्क जवानों ने सोमवार देर रात आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। आतंकी अपने हथियार छोड़ पीओके भागने में सफल रहे।
इलाके की तलाशी के दौरान सेना को घटनास्थल से दो एके 47 राइफल, चार मैगजीन, 60 राउंड, एक पिस्तौल समेत अन्य हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। इसके बाद जिले के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सोमवार देर रात आधुनिक हथियारों से लैस चार से पांच आतंकियों के एक ग्रुप ने जिले के केरन सेक्टर से एलओसी पार कर भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश की। वहां तैनात सेना के जवानों ने उन्हें ललकारा तो आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।
आतंकियों को सतर्क जवानों द्वारा भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी रही। जवाबी कार्रवाई भारी पड़ती देख आतंकी पीओके भागने को मजबूर हो गए।
घाटी में तैनात सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि सेना के जवानों द्वारा देर रात घुसपैठ की कोशिश नाकाम की गई। कोई आतंकी घुसपैठ न कर सका हो, इसकी पड़ताल के लिए इलाके में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।