ज्यौड़ियां। सेना की क्रास स्वार्ड डिवीजन की ओर से वीरवार को एलओसी पर इन्फेंट्री दिवस मनाया गया। इस मौके पर खौड़ उपजिले की तहसील खड़ाह बल्ली में एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें जवानों ने फायर पावर डेमो का प्रदर्शन किया। वहीं, लगाई गई प्रदर्शनी में हथियारों और उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर विभिन्न सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
छात्र प्रवीण कुमार शर्मा, रोहित शर्मा और नीरज कुमार ने बताया कि इन्फेंट्री दिवस पर सेना की ओर से जानकारी दी गई है। कर्नल धीरज प्रताप सिंह ने बताया कि इसकी स्थापना 27 अक्टूबर 1947 को हुई थी। स्थानीय निवासी एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सुरेश कुमार शर्मा व सरपंच धनी राम शर्मा ने बताया कि सेना सीमावर्ती लोगों की मदद के लिए हर समय खड़ी है। नायब सरपंच तिलक राज, नंबरदार दयार चंद ने बताया कि यह दिन सेना के बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित है। इस कार्यक्रम के जरिये इन्फेंट्री दिवस के इतिहास को जानने का मौका मिला है। इस मौके पर लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र सिंह, मेजर अजय और सूबेदार मेजर विजय कुमार आदि मौजूद रहे।