दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के दमहाल हांजीपोरा इलाके में शुक्रवार सुबह सेना का एक वाहन नाले में गिरने से सेना के एक जवान सूरज कुमार की मौत हो गई। जबकि मेजर-कैप्टन समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की शिनाख्त मेजर पुष्प राजपूत, कैप्टन मल्ला और अनिल दुबे के तौर पर हुई है। हालांकि सेना ने शिनाख्त की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, हादसा अदिजन गांव में सुबह के समय हुआ। सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स की एक जिप्सी बेकाबू होकर विश्व नाले में जा गिरी। बारिश के चलते इसमें बहाव पहले ही तेज था।
सूत्रों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। घटना के तुरंत बाद जवानों को बचाने का काम शुरू कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया, जबकि एक जवान का शव कुछ दूरी पर मिला।
सड़क हादसे में घायल तीन सैन्य कर्मियों को अस्पताल लाया गया था। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है।
-डॉ. शगुफ्ता सलाम, बीएमओ, डीएच पोरा अस्पताल।