कदम-कदम पर मात खाने के बावजूद पाकिस्तान ने शुक्रवार की रात और शनिवार को फिर नापाक हरकत की। पाकिस्तान ने अखनूर के पलांवाला, राजोरी के केरी, तंगधार के केरन सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सेना की चौकियों को निशाना बनाते हुए जबरदस्त गोलाबारी की। भारतीय सेना ने इसका करारा जवाब देते हुए पलांवाला सेक्टर में तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह हो गईं। सैनिकों के साथ लगभग आधा दर्जन घुसपैठियों के भी मारे जाने की सूचना है। कई पाकिस्तानी पोस्टों को भी जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। कई मोर्चो पर गोलाबारी अभी जारी है। सेना राकेट लांचर और टैकों का इस्तेमाल कर रही है।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने शुक्रवार रात लगभग ग्यारह बजे गोलाबारी शुरू कर दी थी, जो सुबह तक जारी रही। पाकिस्तान ने एमबेस पोस्ट से पलांवाला सेक्टर में नथु कुलियां पोस्ट को निशाना बना कर गोलाबारी शुरू की थी। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की टी-15 चौकी पूरी तरह तबाह हो गई, जबकि टीजे बंकर पोस्ट छोड़कर पकिस्तानी सैनिक भाग खड़े हुए। गोलाबारी में तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तानी सैनिकोें के शव एलओसी पर पड़े हुए हैं।
पाकिस्तानकी टीजे बंकर पोस्ट शनिवार को दिनभर खाली पड़ी रही। गोलबारी के चलते पाकिस्तानी सेना ने अपने जवानों के शव भी शनिवार दोपहर तक नहीं उठाए थे। शनिवार की सुबह थोड़ी देर की शांति के बाद पाकिस्तान ने लगभग 11 बजे पाकिस्तानी गोलाबारी शुरू कर दी, जो पूरे दिन रुक-रुक कर होती रही। मुंहतोड़ जवाब मिलने के बाद पाकिस्तान की ओर शांति छा गई।
तंगधार और केरी में भी जवाब दे रही सेना
शनिवार शाम लगभग 4.15 बजे कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में बलबीर और उस्ताद पोस्ट को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने जबरदस्त गोलाबारी शुरू कर दी। सेना इसका कड़ा जवाब दे रही है। इससे पहले पाकिस्तान ने राजोरी जिले के केरी क्षेत्र में दोपहर बाद करीब दो बजे गोलाबारी कर सैन्य चौकियों को निशाना बनाया। सेना ने गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब दो घंटे गोलाबारी हुई। दोनों घटनाओं में किसी नुकसान की खबर नहीं है। बुधवार को नीलम घाटी में पाकिस्तान की नाजायज हरकत का सेना ने कड़ा जवाब दिया दिया था। इसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। उसके कई सैनिक और घुसपैठिए मारे गए थे। आतंकियों के कई लांचिंग पैड भी तबाह हुए थे।