उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में वीरवार को सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकी को गिरफ्तार किया। इसकी शिनाख्त आरिफ हुसैन लोन (निवासी-नौपोरा जागीर) के रूप में हुई है। कीरी इलाके के मीर मोहल्ले में कासो के दौरान गिरफ्तारी में सफलता हाथ लगी। गिरफ्तार आतंकी के पास से पिस्टल बरामद किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ में जुटी हुई हैं।
सेना की फायरिंग में मजदूर की मौत
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के चौकीबल इलाके में वीरवार को एंबुश के दौरान फायरिंग में एक मजदूर की मौत हो गई। बताते हैं कि सेना ने सैयादान पाथरा काकवा गली क्रालपोरा में एंबुश लगा रखा था। सेना ने मजदूर को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुका नहीं। इस पर सेना की कार्रवाई में वह मारा गया। बताते हैं कि मारा गया व्यक्ति बीकन में कार्यरत था। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
विस्फोट में बच्चा घायल
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में वीरवार को रहस्यमय विस्फोट में एक बच्चा घायल हो गया। यामरान बोमई इलाके में बच्चा मैदान में खेल रहा था तभी विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज से गांव में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।