स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर सीमांत इलाकों में विशेष नाके लगाकर की जाएगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर डीएसपी और थाना प्रभारी के स्तर पर जरूरी निर्देश दिए गए हैं। खासकर सीमांत और संवेदनशील इलाकों में डीएसपी रात के समय निजी तौर पर पुलिस टीम के साथ विशेष नाका जांच करेंगे।
इसके अलावा थाना प्रभारियों को स्वतंत्रता दिवस तक किसी आपात स्थिति को छोड़कर अपने क्षेत्र में ही रहने का निर्देश दिया गया है। दरअसल, पिछले कुछ समय से लगातार संदिग्धों के देखे जाने की सूचना और बढ़ती आतंकी वारदाताें के मद्देनजर ऐसा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जम्मू के सीमांत क्षेत्रों में पुलिस ने कई नाकाें की पहचान की है जहां विशेष नाके लगाकर आने-जाने वालों पर नजर रखने की जरूरत है।
पुलिस की टीम इन क्षेत्रों में औचक नाका लगाकर वाहनों की जांच करेगी और संदिग्ध लोगों पर नजर रखेगी। खासकर ये वो इलाके हैं, जो बार्डर के नजदीक हैं। जहां से बार्डर से शहर को रास्ते जुड़ते हैं। बताया जा रहा है कि मकवाल, कानाचक, आरएस पुरा, पलांवाला, अखनूर, आरएस पुरा, अरनिया, सुचेतगढ़ में पुलिस ने सुरक्षा के लिए खास रणनीति बनाई हैं क्योंकि ये इलाके बार्डर से सटे हैं।
इसके अलावा इन इलाकाें में रात के समय गश्त बढ़ाई गई है। अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिस के साथ मिलकर इसे सुनिश्चित किया जाएगा। एसएसपी जम्मू विनोद कुमार का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर एक सुरक्षा तंत्र सक्रिय है। रणनीति बनाकर तैयारी की गई है। इसमें हर जरूरी कदम उठाया गया है। सीमांत इलाकों और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। पंचायत सदस्यों और अन्य लोगों को विश्वास में लेकर पुलिस का सहयोग करने के लिए कहा गया है।