जम्मू के जिला और हाईकोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई है। अदालत परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के अलावा भीड़भाड़ वाले स्थान से लोगों की संख्या कम करने की कवायद की जा रही है। इसके अलावा कोर्ट परिसर में सुरक्षा कर्मियों को मुस्तैद कर दिया गया है, ताकि कोई सिरफिरा अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले दो आपराधिक गुटों के विवाद में कोर्ट परिसर के अंदर ही गोली चल गई थी। हालांकि दोनों गुटों के छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन कोर्ट ने इस मामले पर गंभीर नाराजगी जताई थी।
वकीलों ने काम बंद कर दिया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी ने प्रिंसिपल सेशन जज और वकीलों के साथ बैठक कर सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया था।