अरनिया। क्षेत्र में सोमवार देर शाम को एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे से पहले ही परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन घर में रखा सामान मलबे में दब गया है। बोध राज पुत्र गिरधारी लाल निवासी वार्ड-5 अरनिया ने बताया कि तीन दिन लगातार बारिश से मकान से रिसाव हो रहा था। सोमवार को बारिश थमने के बाद भी रिसाव जारी रहा, जिससे वे लोग टीन के शेड वाले मकान में चले गए और देर शाम को कच्चा मकान गिर गया। गनीमत रही कि परिवार समय रहते घर से बाहर निकल आया, जिससे वे बाल-बाल बच गए। समासजेवी रवि कुमार ने कहा कि परिवार पांच दफा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फार्म भर चुका है, लेकिन अभी तक नाम लिस्ट में नहीं आया, जबकि पक्के मकान वालों का हर बार लिस्ट में नाम आ जाता है। उधर, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सैनी का कहना है कि कागज पूरे न होने से परिवार का लिस्ट में नाम नहीं आ रहा था। इस बार जारी हुई लिस्ट में परिवार का नाम है और अगले माह से मकान बनाने प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।