आरएस पुरा। गांव ताले की विवाहिता मंजू कुमारी (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से गांव में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि मंजू कुमारी ने जहरीला पदार्थ निगला था, हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आरएस पुरा के उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जम्मू मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी रविवार सुबह मौत हो गई। मंजू की शादी आठ वर्ष पहले गांव ताले के सुनील कुमार के साथ हुई थी और उनका एक बेटा भी है। मृतका के पिता बलवीर सिंह ने आरएस पुरा पुलिस थाने में ससुरालियों द्वारा हत्या करने की शिकायत दी है। आरोप लगाया किइन दिनों सुनील कुमार छुट्टी पर घर आया है। घटना शनिवार रात की है, लेकिन उन्हें रविवार सुबह आठ बजे फोन कर इसकी सूचना दी गई। पुलिस को शिकायत दी कि मंजू की सास, राजकुमारी, उसका पति सुनील कुमार और देवर उसे परेशान करते थे, जिसके चलते यह घटना घटी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद गांव ताले में अंतिम संस्कार कर दिया गया।