दोमाना। दोमाना पुलिस थाने के अंतर्गत मशीन दोमाना क्षेत्र में रणबीर नहर में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मंगलवार सुबह प्रशासन ने नहर का पानी बंद कर एसडीआरएफ की मदद से शव बरामद किया। सुबह पांच बजे सर्च ऑपरेशन चलाया और साढ़े दस बजे बच्चे का शव मिला।
जानकारी के अनुसार मशीन दोमाना इलाके का राहुल शर्मा पुत्र पवन शर्मा सोमवार दोपहर को नहर में नहाने गया था। पानी अधिक गहरा होने के कारण डूब गया। पुलिस का कहना है कि सोमवार को किशोर को काफी देर तक नहर में ढूंढने के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया, मंगलवार को शव प्लौड़ा में मिला। शव परिवार वालों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि राहुल सातवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।