तीन महीने का वीजा लेकर वर्ष 2022 में आई थी, जम्मू के युवक से शादी भी की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के तालाब तिल्लो क्षेत्र में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये महिला दो वर्ष पहले जम्मू में आई थी जिसने त्रिकुटा नगर के रहने वाले युवक रॉकी से शादी की। इस समय दोनों तालाब तिल्लो के पूरन नगर में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार जुनाकी चिरम नाम की महिला वर्ष 2022 में तीन महीने का वीजा लेकर आई थी। वीजा की समय सीमा मई 2022 में खत्म हो गई लेकिन महिला वापस नहीं गई। यहीं नहीं, दो वर्ष अवैध रूप से रहते हुए इसने जम्मू के त्रिकुटा नगर निवासी रॉकी से शादी भी कर ली। थाना नवाबाद की पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला इस समय तालाब तिल्लो में अवैध रूप से रह रही है।
वीरवार को पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। उसका सात दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। अब मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। बता दें कि कई बांग्लादेशी महिलाओं को वहां से लाकर जम्मू में शादियां करवाई जाती हैं। ऐसा ही एक मामला एक वर्ष पहले ही भी सामने आया था। बांग्लादेश से महिला की तस्करी कर जम्मू लाया गया। इसके बाद कश्मीर में एक मौलवी को बेच दिया गया। दोनों में कम से कम 30 वर्ष का आयु अंतर था।