जम्मू। डीसी सचिन कुमार वैश्य ने शनिवार को जिले के खनन पट्टेदारों, ठेकेदारों और स्टोन क्रशर मालिकों के साथ बैठक की। लघु खनिजों के अवैध खनन, प्रसंस्करण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी प्रकार के अवैध खनन की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। जिले के जिस क्षेत्र में ज्यादा खनन क्षेत्र है वहां पर निगरानी तंत्र को उतना ही मजबूत किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। डीसी ने मौजूद लोगों को तटीय क्षेत्रों और आसपास की बस्तियों पर खनन होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। नियमों के अनुसार खनन कार्यों को सुविधाजनक बनाने की बात कही। कहा कि बिना लाइसेंस वाले स्टोन क्रशरों के संचालन सहित गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट हरविंदर सिंह, जिला खनन अधिकारी गुलशन कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।