अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अगर आपको घूमने-फिरने का शौक और अपनी विरासत को जानने में दिलचस्पी है तो जम्मू विश्वविद्यालय से कल्चरल एंड हेरिटेज टूरिज्म में डिप्लोमा कर सकते हैं। ये केवल एक साल का पीजी प्रोग्राम है और अच्छी बात यह है कि इस डिप्लोमा को करने के बाद रोजगार के अनगिनत अवसर मिल सकते हैं।
केवल जम्मू संभाग पर आधारित इस कोर्स में कुल 25 सीटें उपलब्ध हैं। कोर्स के दौरान छात्र-छात्राओं को जम्मू की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक जानकारियों से रूबरू कराया जाएगा। विभिन्न प्राचीन, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की सैद्धांतिक जानकारी के साथ ही उन्हें इन जगहों का टूर भी कराया जाएगा। स्मारक, म्यूजियम, किले आदि का दर्शन कराने के साथ ही उनके इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। यह पीजी डिप्लोमा कोर्स जम्मू विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग की ओर से कराया जा रहा है।
कोर्स के बाद यह मिल सकते हैं मौके
जम्मू। इस कोर्स को करने के बाद विद्यार्थियों के पास टूर गाइड, स्मारक संरक्षक, सामग्री लेखक आदि बनने के मौके होंगे। जिस तरह से सरकार पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, उसे देखते हुए इस दिशा में और भी कई अवसर सामने की उम्मीद है।
यह केवल एक साल का डिप्लोमा है। ऐसे में ग्रेजुएशन डिग्री करने के बाद इस कोर्स को करके विद्यार्थी आराम से रोजगार की ओर बढ़ सकते हैं।
-प्रो. सुमन जमवाल, इतिहास विभागाध्यक्ष