उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में शनिवार को 18 किलो की आईईडी बरामद कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। बांदीपोरा-सोपोर रोड पर अष्टांगू में यह आईईडी प्लांट की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाने के लिए आतंकियों ने आईईडी प्लांट की थी।
सैन्य प्रवक्ता इमरोन मौसवी ने बताया कि दो गैस सिलिंडर में आईईडी प्लांट की गई थी। शनिवार सुबह खुफिया सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। 300 मीटर के दायरे में पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान दो सिलिंडर पाए गए। तत्काल इलाके में यातायात रोककर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच में पाया गया कि इसमें आईईडी फिट है। इसके बाद दस्ते ने इसे निष्क्रिय किया।
सुबह साढ़े आठ बजे आईईडी का पता चला। चिनार कोर ने ट्वीट किया कि बांदीपोरा के अष्टांगू में 18 किलो की आईईडी को निष्क्रिय कर सेना व पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। सेना कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
जम्मू कश्मीर: जम्मू संभाग में 10 माह में मिल चुकी हैं 15 आईईडी, सुरक्षाबलों की बढ़ी चुनौती