अमरनाथ धाम के लिए जाने वाले ट्रैक पर शुक्रवार को आईईडी, एंटी पर्सनल माइन और स्नाइपर गन बरामद हुआ है। सेना ने बताया कि सुरक्षा बलों को कुछ दिनों पहले इनपुट मिले थे कि आतंकी अमरनाथ यात्रा पर बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इसी को लेकर सेना और सीआरपीएफ ने अमरनाथ यात्रा के रास्तों पर पैनी नजर बनाए हुई थी। इसी क्रम में सुरक्षा बलों ने अमरनाथ धाम को जाने वाले यात्रा ट्रैक और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चालू किया।
तलाशी अभियान के दौरान शुक्रवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। सेना ने भारी मात्रा में आईईडी और पाकिस्तान आर्डिनेंस फैक्ट्री में निर्मित एंटी पर्सनल माइन बरामद की है। इसके साथ ही एक एम-24 स्नाइपर राइफल भी यात्रा ट्रक पर मिली है। इस आईईडी में बारूद की मात्रा इतनी ज्यादा थी कि भारी नुकसान हो सकता था।