सरकार गठन की कवायद के बीच शनिवार को प्रशासन ने एक आईएएस और चार केएएस अफसरों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। वित्त विभाग के निदेशक बशीर अहमद भट (आईएएस) को रजिस्ट्रार को आपरेटिव सोसाइटीज (जेएंडके) बनाया गया है।
समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव मोहम्मद सलीम को बशीर अहमद के स्थान पर वित्त निदेशक तैनात किया गया है। सीएपीडी कश्मीर के निदेशक पद पर स्थानांतरित जेएंडके सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड के सदस्य जुबेर अहमद अपने पुराने स्थान पर ही बने रहेंगे।
कोआपरेटिव सोसाइटीज (जेएंडके) के निदेशक मुश्ताक अहमद शाह को सीएपीडी कश्मीर का निदेशक बनाया गया है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता के सचिव खालिद जहांगीर को पहले उप श्रम आयुक्त (नई दिल्ली) भेजा गया था। अब उन्हें गृह विभाग का अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।