कश्मीर में हिंसक झड़पों में पुलिस और सुरक्षा बलों की फायरिंग में तीन और लोगों की मौत हो गई। 100 से अधिक ज़ख्मी हुए हैं। बुरहान का सफाया किए जाने के बाद भड़की हिंसा में अब तक 57 लोगों की जान जा चुकी है।
घाटी में जुमे की नमाज के बाद कई जगह हिंसक प्रदर्शन हुए। सुरक्षा बलों पर जमकर पथराव हुआ। सुरक्षा बलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए। फायरिंग भी करनी पड़ी। कश्मीर हिंसा की आंच जम्मू संभाग तक पहुंच गई है। राजोरी में जमकर बवाल हुआ।
चिनाब वैली के डोडा, किश्तवाड़ तथा रामबन जिलों में तनाव है। यहां बंद के दौरान कई जगह प्रदर्शन हुए। जम्मू संभाग के सभी 10 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा फिर ठप कर दी गई। देर शाम पांच जिलों जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर और रियासी जिलों में इसे बहाल कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने श्रीनगर में हुर्रियत के हजरत बल चलो मार्च को नाकाम कर दिया।
सु्रक्षा के कड़े इंतजाम
- फोटो : PTI
हुर्रियत जी के चेयरमैन सैयद अली शाह गिलानी तथा हुर्रियत एम के मीरवाइज उमर फारूक को हिरासत में ले लिया गया। इस बीच गांदरबल, बडगाम, अनंतनाग शहर, अवंतिपोरा, कुलगाम शहर, बारामुला, सोपोर, शोपियां, बांदीपोरा के कलूसा व हंदवाड़ा में कर्फ्यू लगा दिया गया।
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खान साहब इलाके में जुमे की नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन में 20 साल के एक युवक की मौत हो गई। दूसरी मौत नौगाम में हुई जहां हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा फायरिंग की गई। बारामुला जिले के वागूरा में हुई हिंसा में भी एक युवक की मौत हो गई।
चाडूरा में भी हिंसक भीड़ को हटाने के लिए पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। यहां 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सोपोर के छानाखान इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। इसके बाद आंसू गैस तथा पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। यहां 20 लोग घायल हो गए।
पांपोर तथा बिजबिहाड़ा में दुख्तरान-ए-मिल्लत ने भारत विरोधी रैली निकाली। त्राल, बांदीपोरा के हाजिन, अजास, शोपियां के इमाम साहिब तथा बांदीपोरा के अजार एवं नोपोरा इलाके में भी हिंसक प्रदर्शन हुए।
जम्मू संभाग के जिला मुख्यालय राजोरी में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव करने के साथ ही वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ की। बाजारों को बंद करा दिया। उपद्रवी देश विरोधी तथा बुरहान के समर्थन में नारे लगा रहे थे। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के गोले दागने पड़े।