उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ खत्म हो चुकी है। इस मुठभेड़ में सेना 5 आतंकियों को मार गिराने में कामयाब रही। सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के इस ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पुलिस ने जानकारी दी थी कि बांदीपोरा के समुलार जंगल में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद यह ऑपरेशन चलाया गया है। सभी पांचों आतंकियों की लाशें बरामद कर ली गईं हैं। हालांकि आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। सुरक्षा एजेंसी को आशंका है कि ये सभी आतंकी लश्कर ए तैयबा के हैं। इन आतंकियों ने हाल ही में पाकिस्तान से घुसपैठ किया था।
पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि बांदीपोरा हाल के दिनों में लश्कर ए तैयबा का मजबूत किला बन गया है। इस इलाके के हाजिन में सुरक्षा बलों ने औबेद उर्फ ओसामा के भतीजे जकी उर रहमान समेत छह आतंकियों को हाल में ढेर किया था। इसी महीने हाजिन के चंदरगीर में जरगर और महमूद नामक दो आतंकियों को पहले ढेर किया गया था। इससे पहले मार्च में हाजिन के ही पार मोहल्ले में लश्कर के एक और आतंकी को मार गिराया गया था।